दर्दनाकः छोटे भाई को बचाने गहरे गड्ढ़े में कूदा बड़ा भाई! दोनों मासूमों की मौत, एक साथ दो बेटों को खोकर टूटा परिवार! पूरे गांव में पसरा मातम

Tragic: An elder brother jumped into a deep pit to save his younger brother! Both innocent children died, and the family was shattered by the loss of two sons! The entire village was plunged into mou

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। यहां संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में दो सगे मासूम भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर आंख नम है और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार देवामानल गांव निवासी 8 वर्षीय आयन और उसका बड़ा भाई 9 वर्षीय अभिनव गांव के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे। बारिश के कारण क्षेत्र में जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ था। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि आयन को पानी में डूबता देख बड़ा भाई अभिनव एक पल के लिए भी नहीं रुका। उसने बिना अपनी जान की परवाह किए छोटे भाई को बचाने के लिए तुरंत खड्ड में छलांग लगा दी।

लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों मासूम खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मासूम बेटों की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना को याद कर भावुक हो उठे। जिसने भी दोनों भाइयों के प्रेम और साहस की यह कहानी सुनी, उसकी आंखें नम हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही नौहराधार पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।