हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस से मां और दो बेटों की मौत, गांव में पसरा मातम
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित गौलापार क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बेसमेंट में बनी बंद पानी की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटे बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के बेसमेंट में बनी बंद पानी की टंकी का लेंटर खोलकर उसकी सफाई की जा रही थी। इसी दौरान टंकी के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण सरस्वती देवी (55), उनके पुत्र धर्मेंद्र बिष्ट (45) और खुशाल बिष्ट (35) एक-एक कर बेहोश होकर गिर पड़े। आशंका है कि बंद टंकी में लंबे समय से गैस जमा होने के कारण तीनों का दम घुट गया।
परिजन और स्थानीय लोगों ने तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मोनिका आर्य, तहसीलदार कुलदीप पांडेय तथा चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में बंद टंकी में बनी जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद गौलापार क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय क्यों नहीं अपनाए गए।