यही है मोहब्बत की दुकानः दिल्ली में उत्तराखण्ड के ‘मोहम्मद दीपक’ से मिले राहुल गांधी! लगाया गले, जानें तस्वीरें पोस्ट कर क्या लिखा?
देहरादून/नई दिल्ली। ‘मोहम्मद दीपक’ नाम को लेकर खासे चर्चाओं में आए कोटद्वार के दीपक कुमार कश्यप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने दीपक को गले लगाया और कहा, यही है मोहब्बत की दुकान। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दीपक कुमार के साथ अपनी कुछ फोटो भी पोस्ट की हैं। दीपक कुमार की तारीफ करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, हर इंसान, एक समान, यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई मोहम्मद दीपक से मुलाकात, एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए। बता दें कि इससे पहले भी राहुल गांधी ने दीपक कुमार की तारीफ करते हुए पोस्ट किया था। उस समय राहुल गांधी ने दीपक कुमार को भारत का हीरो भी कहा था। दरअसल पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार शहर में ‘बाबा’ नाम से एक कपड़ों की दुकान है, जिसके मालिक एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति हैं। बीती 26 जनवरी को इसी दुकान के नाम पर एक विवाद खड़ा हो गया था। तब हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकान के मालिक से बाबा नाम को हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि कोटद्वार में सिद्धबली बाबा हिंदुओं के आराध्य देवता हैं ऐसे में बुजुर्ग दुकानदार पर दुकान का नाम हटाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी हंगामे के बीच दुकान के पास में ही जिम चलाने वाले दीपक कुमार कश्यप पहुंचे और बुजुर्ग दुकानदार के साथ खड़े हो गए। उन्होंने साफ शब्दों ने कहा कि दुकान का नाम नहीं बदला जाएगा। बहस बढ़ने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दीपक से उसका नाम पूछा, तो दीपक ने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया। यह घटना बाद में सोशल मीडिया पर खासी वायरल हो गई। वहीं सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद मामला और बढ़ गया। इसके बाद हिंदू संगठनों के सदस्य कोटद्वार पहुंचे और जमकर हंगामा किया, जिससे यह मामला नेशनल पॉलिटिक्स का मुद्दा बन गया। कई विपक्षी पार्टी के नेताओं ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर पार्लियामेंट तक उठाया है। अब राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक से दिल्ली में अपने आवास पर मुलाकात की, जिसके बाद ये विवाद फिर सुर्खियों में आ गया।