हद हैः खुद के अपहरण की सूचना देकर मौज-मस्ती करने पहुंच गया प्रॉपर्टी डीलर! होटल में फरमा रहा था आराम, पकड़े जानें पर उगला ऐसा सच की देहरादून पुलिस भी रह गई हैरान

देहरादून। राजधानी देहरादून से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा पुलिस को खुद के अपहरण की फर्जी सूचना दी गयी। हैरानी की बात ये है कि पुलिस को फर्जी सूचना देने के बाद प्रॉपर्टी डीलर अपने साथियों के साथ होटल में मौज-मस्ती करने चला गया। मामले की पड़ताल करते-करते जब पुलिस होटल तक पहुंची तो माजरा सामने आया। पता चला कि उसने संपत्ति विवाद में अपने विरोधियों को फंसाने के लिए यह झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने युवक और उसके दो साथियों को गुमराह करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि एक अमित नाम के प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण हो गया है। मामला गंभीर था तो पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों चेक किए। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इस बीच एक मुखबिर ने बताया कि जिस अमित की पुलिस तलाश कर रही है वह होटल में मौजूद है। पुलिस होटल पहुंची तो अमित वहां अपने दो साथियों के साथ मौजूद था। पुलिस को देखकर अमित मैगी सकपका गया। उसने पुलिस के सामने सारी कहानी उगल दी। अमित ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार को अपने दो साथियों विधान विश्नोई निवासी गंगा धाम कॉलोनी, गंगानगर मेरठ और साजिद निवासी काशी राम कॉलोनी हापुड़ के साथ एक ही कार में आया था। उसका राजपुर रोड पर एक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। वह विपक्षी लोगों को फंसाना चाहता था। ऐसे में उसने अपने अपहरण की कहानी बनाई। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।I