उत्तरकाशी में मस्जिद को लेकर गरमाया माहौल! धार्मिक संगठनों ने निकाली रैली, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में आज माहौल खासा गरमाया हुआ है। दरअसल यहां मस्जिद हटाने को लेकर जनाक्रोश रैली निकाली जा रही है। जिसके चलते क्षेत्र में खासी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दौरान पुलिस द्वारा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस की ओर से बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। धार्मिक संगठन द्वारा मस्जिद को लेकर निकाली जा रही जनाक्रोश रैली के चलते बाजार बंद कराए गए हैं। मस्जिद पुरानी है। धार्मिक संगठन की ओर से इसे अवैध बताया जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन इसे सरकारी भूमि पर अवैध रूप से नहीं बने होने को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चुका है। लेकिन संगठन इसे नहीं मान रहा है। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम में आज जनाक्रोश रैली निकाली जा रही है। वहीं रैली के चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है और रैली को रोकने के लिए तीन जगह पर बैरियर लगाए गए हैं। सिंगल तिराहा सहित भटवाड़ी रोड ओर भैरव चौक में बैरियर के साथ भारी पुलिस बल तैनात है। उधर इस बीच माहौल खासा गरमाया हुआ है।