गुलदार का आतंक! घास लेने जंगल गई महिला को बनाया निवाला, साथी महिलाओं ने भागकर बचाई अपनी जान

खटीमा। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक बदस्तूर जारी है। ताजा घटनाक्रम चंपावत के बनबसा से सामने आया है, यहां घास लेने जंगल गई महिला को गुलदार ने निवाला बना लिया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। सूचना पर पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां काफी खोजबीन के बाद क्षत विक्षत हालत में महिला का शव बरामद हुआ। जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार बनबसा के धनुष पुल और मंझगांव के बीच पड़ने वाले जंगल में कुछ महिलाएं घास लेने गई थी। तभी बिरमा देवी नाम की महिला पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं में हड़कंप मच गया। जबतक साथी महिलाएं कुछ कर पाती, तबतक गुलदार महिला को जंगल की तरफ घसीटकर ले गया। वहीं अन्य महिलाओं ने भाग कर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। जिसके बाद वन विभाग, पुलिस और स्थानीय लोग जंगल गए। जब तक वो जंगल में पहुंचे तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।