आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर काल बनी तेज रफ्तार: डंपर से टकराई डबल डेकर बस, आग का गोला बनने से चालक व कंडक्टर की दर्दनाक मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार की रात एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मटसेना थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 46 पर एक डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस में तुरंत शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में बस चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे कंडक्टर ने भी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में करीब 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में संयुक्त चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात लगभग 40 से अधिक सवारियों को लेकर एक डबल डेकर प्राइवेट बस कानपुर से गुड़गांव (गुरुग्राम) के लिए रवाना हुई थी। रात के करीब 2 बजे जब बस नसीरपुर थाना क्षेत्र को पार कर मटसेना क्षेत्र के पास पहुंची, तभी आगे चल रहा बालू से लदा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे के डिवाइडर से जा टकराया। डंपर के अचानक रुकने से पीछे से तेज गति से आ रही डबल डेकर बस उससे जोरदार तरीके से भिड़ गई। टक्कर लगते ही बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और देखते ही देखते इंजन में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से पूरी बस आग का गोला बन गई। गहरी नींद में सो रहे यात्रियों में अचानक लगी आग और धुएं के कारण चीख-पुकार मच गई। खिड़कियां और दरवाजे ब्लॉक होने के कारण यात्री अंदर ही फंस गए और एक-दूसरे के ऊपर गिरकर चोटिल होने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम, नसीरपुर और मटसेना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और सीओ तेजस त्रिपाठी भी तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। आग इतनी विकराल थी कि फिरोजाबाद से 2, टूंडला, शिकोहाबाद, सिरसागंज और जसराना से एक-एक कर कुल 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक बस का अगला हिस्सा और चालक पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस और प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत नजदीकी संयुक्त चिकित्सालय भेजा। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है।