चंपावत में सनसनीखेज वारदातः खर्क बगड़ क्षेत्र में युवक ने की बुजुर्ग की हत्या! धारदार हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत का माहौल
चंपावत। चंपावत जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। खर्क बगड़ क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक ने अपने बुजुर्ग पड़ोसी की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 70 वर्षीय अंबादत खर्कवाल के रूप में हुई है, जो टनकपुर से अपने गांव खर्क बगड़ पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार जैसे ही अंबादत खर्कवाल अपने घर पहुंचे, तभी पड़ोसी सुभाष चंद्र खर्कवाल नामक युवक ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।