सनसनीखेज वारदातः 13 साल के लड़के ने पहले देखी हिन्दी फिल्म! फिर कर दी बहन की हत्या, फिल्म देखने के बाद आया खौफनाक आइडिया

नई दिल्ली। महाराष्ट्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां पालघर जिले में एक 6 साल लड़की की हत्या के आरोप में एक किशोर लड़के को हिरासत में लिया गया। खबरों के मुताबिक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि सीरियल किलर से जुड़ी एक हिंदी फिल्म देखने के बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया है। पेल्हर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि लड़की का शव सुबह करीब 4ः30 बजे श्रीराम नगर पहाड़ी पर मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने नालासोपारा से 13 साल लड़के को हिरासत में लिया है। मृतक उसकी चचेरी बहन है। उसने कथित तौर पर उससे जलन के कारण उसकी हत्या कर दी, क्योंकि उसे लगा कि हर कोई उसे ज्यादा लाड़-प्यार करता है। उन्होंने कहा कि लड़की शनिवार शाम को लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पास की एक कंपनी के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में लड़का लड़की को कहीं ले जाता हुआ दिखाई दे रहा था। लड़के ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने कबूल कर लिया कि उसने उसकी हत्या कर दी है।
रमन राघव से प्रेरित होकर की हत्या
अधिकारी ने बताया कि नाबालिग ने हिंदी फिल्म ‘रमन राघव’ से प्रेरित होकर लड़की का गला घोंट दिया और फिर पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया। यह फिल्म एक सीरियल किलर के बारे में है। वेंकुटे ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।