अल्मोड़ा में चलती स्कूटी बनी आग का गोला,चालक ने कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

Scooty Bursts into Flames While in Motion in Almora; Rider Saves Life by Jumping Off—Short Circuit Suspected as Cause of Accident

अल्मोड़ा।अल्मोड़ा जनपद के अंतर्गत आने वाले पेटशाल-बज्योली मोटर मार्ग पर शनिवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक चलती स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक पूरी स्कूटी आग का गोला बनकर धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में स्कूटी चालक समय रहते कूद गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार,स्कूटी चालक सुनील बज्योली क्षेत्र का ही निवासी है। वह शाम के समय अपनी स्कूटी से वापस अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पेटशाल से करीब एक किलोमीटर आगे पेटशाल-बज्योली मोटर मार्ग पर पहुंचा, तभी अचानक उसके चलते वाहन से आग की तेज लपटें और धुआं उठने लगा। आग को देखकर सुनील ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और चलती स्कूटी से सड़क पर कूद गया। सुनील के कूदते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। बीच सड़क पर वाहन को आग की लपटों से घिरा देख मार्ग से गुजर रहे अन्य राहगीरों और वाहन चालकों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे की वजह स्कूटी के भीतर हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि या किसी के झुलसने की खबर नहीं है, लेकिन पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।