जय श्री राम बोलने से बनेंगे सारे बिगड़े काम...! ‘जी राम जी योजना’ पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद अजय भट्ट ने लूट ली महफिल, वायरल हुआ वीडियो
नई दिल्ली/हल्द्वानी। संसद के शीतकालीन सत्र में आज लोकसभा में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) बिल, 2025 पास करा लिया गया है। इससे पहले विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच ‘जी राम जी बिल’ पर संसद में चर्चा हुई। इस चर्चा के दौरान नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने राम नाम को लेकर अपनी बात रखी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद अजय भट्ट ‘राम नाम’ के फायदे गिना रहे हैं। संसद में जी राम जी बिल पर चर्चा के दौरान अजय भट्ट ने कहा कि इस बिल को लेकर सरकार की मंशा बिल्कुल भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘लड़की की शादी नहीं हो रही हो, नौकरी नहीं लग रही हो, घर में कही पर उठा पठक हो, पति पत्नी में नहीं बन रही हो, लड़का बिगड़ गया हो, गाय दूध नहीं दे रही हो, तो आप श्री राम जय राम जय जय राम कह दीजिये’, आपके सारे काम बन जायेंगे। उन्होंने कहा केंद्र सरकार की मंशा साफ है। इससे पहले संसद में पहले ‘जी राम जी बिल’ पर खूब हंगामा हुआ। विपक्ष ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं चर्चा के दौरान विपक्ष के सांसदों ने बिल की कॉपियां भी फाड़ी। इस दौरान बीजेपी सांसदों ने भी संसद में विपक्ष को जमकर घेरा।