दुखदः नहीं रहे झारखण्ड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन! दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में ली अंतिम सांस

Sad: Former Jharkhand CM Shibu Soren is no more! He breathed his last at Sir Ganga Ram Hospital in Delhi

नई दिल्ली। झारखण्ड से एक दुखद खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे, उन्होंने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में आखिरी सांस ली। ‘दिशोम गुरु’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन का सर गंगा राम अस्पताल में एक महीने से अधिक समय से इलाज चल रहा था। शिबू सोरेन को जुलाई में किडनी से जुड़ी समस्या की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबियत नाजुक होने की वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। शिबू सोरेन के निधन पर उनके बेटे हेमंत सोरेन ने कहा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं, आज मैं शून्य हो गया हूं। उनके निधन पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संवेदना जताते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक शिबू सोरेन जी झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे, जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों विशेष रूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा भी उनसे लंबा परिचय रहा। उनके निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनायें। ओम् शांति!

तीन बार के थे पूर्व सीएम
शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और प्रमुख नेता थे। जिन्हें दिशोम गुरु के नाम से भी जाना जाता था। शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को झारखंड के रामगढ़ जिले (तत्कालीन बिहार के हजारीबाग जिले) के नेमरा गांव में हुआ था। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके थे। ये तीन बार (2005, 2008, और 2009) सीएम के पद पर कार्यरत थे। हालांकि, वे कभी भी अपना सीएम कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।