दुखदः नहीं रहे हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला! 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, कल होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। हरियाणा से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल के प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 89 साल की उम्र में गुरुग्राम मेदांता में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी और तीन-चार साल से मेदांता में ही उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 11ः35 बजे मेदांता की इमरजेंसी में लाया गया था। मेदांता प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की है। डॉक्टरों ने उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। कल सुबह 8 से 2 बजे तक सिरसा स्थित तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी। पूर्व सीएम चौटाला के निधन पर तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिंक संगठनों से जुड़े लोगों ने दुख जताया है।
भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के पुत्र ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के सातवें मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म एक जनवरी 1935 को सिरसा के गांव चौटाला में हुआ था। वह एक नहीं बल्कि पांच बार हरियाणा के सीएम बने हैं। 1989 में पहली बार चौटाला ने सीएम की कुर्सी संभाली थी। इस पद पर वह साल 1990 तक ही काबिज रहे। इसके बाद 12 जुलाई 1990 को चौटाला ने दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली थी। चौटाला को फिर पांच दिन बाद ही अपना इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद 22 अप्रैल 1991 को सीएम की कुर्सी संभाली। लेकिन महज दो हफ्ते के बाद ही केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया।