खुलासाः साली के प्रेमी को जीजा ने मारी थी गोली! पुलिस ने गिरफ्तार किए तीन आरोपी, अब सलाखों के पीछे होगी खातिरदारी
रुद्रपुर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने आजादनगर में युवक को गोली मारने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल को भी बरामद किया है। शुक्रवार को पुलिस ऑफिस सभागार में मामले का खुलासा एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के द्वारा किया गया। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजाद नगर में 23 जुलाई को विशाल पुत्र प्रताप को पेट में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने घायल अवस्था में विशाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था और पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। पुलिस के द्वारा दो आरोपी जिसमें अरविंद, प्रकाश सागर को श्मशान घाट रोड से गिरफ्तार किया गया। जबकि आरोपी को पिस्टल और गोली उपलब्ध कराने वाले गौरव कश्यप को पुलिस ने मोदी मैदान से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि घायल विशाल का अरविंद की साली से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे नाराज अरविंद ने विशाल को अपने घर बुलाया और उसपर दो राउंड फायरिंग कर दी थी। पुलिस द्वारा अब आरोपी और उसको पिस्टल उपलब्ध कराने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।