रामनगर में सनसनीः सिंचाई नहर में मिला युवक का शव! मजदूरी करने निकला था घर से, कुछ देर बाद आई दुखद खबर

Ramnagar: Young man's body found in irrigation canal! He had left home to work, but sad news arrived shortly after.

रामनगर। रामनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां एक युवक का शव सिंचाई नहर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना रामनगर के ग्राम मंगलार क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने नहर में एक युवक का शव देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 24 वर्षीय अलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो कॉर्बेट कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक अलाउद्दीन रोज की तरह शुक्रवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही समय बाद उसकी मौत की खबर इस तरह सामने आएगी। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के बड़े भाई सलमान ने बताया कि अलाउद्दीन सुबह काम के लिए निकला था और उन्हें किसी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक नहर तक कैसे पहुंचा। यह भी जांच का विषय है कि यह कोई हादसा है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।