मसूरी में बारिश का कहरः मुख्य सड़क पर अचानक ढहा पहाड़ का बड़ा हिस्सा! बाल-बाल बचा वाहन चालक, लगा लंबा जाम

Rain havoc in Mussoorie: A large section of the hillside suddenly collapsed onto the main road! A driver narrowly escaped, and a massive traffic jam ensued.

मसूरी। मसूरी में लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। बुधवार को हाथीपांव रोड पर माइंस क्षेत्र के समीप अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर मुख्य सड़क पर आ गिरा। इस घटना से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के दौरान एक वाहन मलबे की चपेट में आ गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक बाल-बाल बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी कमजोर हो गई थी। अचानक तेज आवाज के साथ भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर चल रहे वाहन अचानक रुक गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और मसूरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को मलबे से दूर रहने की अपील की और यातायात को रोक दिया। इसके बाद सड़क से मलबा हटाने के लिए संबंधित विभाग की टीम और मशीनें मौके पर बुलाई गईं। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। फिलहाल सड़क से मलबा हटा कर यातायात बहाल किया गया।