राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तीखा हमला बोले देश के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं मोदी! दोषी नहीं छात्रों को मिली सजा
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास का "सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री" बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने "युवा-विरोधी" हैं कि लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तक नहीं ले सके।
उन्होंने दावा किया कि देश में अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इन मामलों में किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली, जबकि सबसे बड़ी कीमत मेहनत करने वाले छात्रों को चुकानी पड़ी।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि जब छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ अपनी आवाज उठाई, तो उन्हें जवाब में लाठीचार्ज और हिरासत का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के जिम्मेदार लोग खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों को घसीटा और पीटा जा रहा है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार केवल युवाओं को असफल नहीं बना रही, बल्कि उनके खिलाफ दमनकारी रवैया भी अपना रही है।
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार राजनीतिक बहस जारी है।