राहुल गांधी छात्रों को बना रहे राजनीतिक औजार, सरकार NEET पर चर्चा को तैयार: धर्मेंद्र प्रधान

Rahul Gandhi is using students as political tools; government ready for discussion on NEET: Dharmendra Pradhan

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस लगातार छात्रों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्य से कर रहे हैं और संसद के मानसून सत्र में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर धरना देकर आम जनता को असुविधा पहुंचाई तथा स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी अनदेखी की।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही NEET समेत छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संसद में व्यापक चर्चा के लिए अपनी पूरी तैयारी जता दी थी, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन को प्राथमिकता दी। उनका आरोप है कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के लिए यह छात्रों का मुद्दा नहीं, बल्कि टकराव का माहौल बनाने की राजनीति है, जबकि सरकार हर वास्तविक मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि केंद्र सरकार NEET और युवाओं की वास्तविक चिंताओं पर संसद के भीतर चर्चा करने तथा आवश्यक सुधारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश के छात्र राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनने के बजाय समाधान, जवाबदेही और स्थिरता के हकदार हैं। उन्होंने अपने बयान के अंत में कहा कि सरकार छात्रों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाब, सुधार और जवाबदेही देने के लिए प्रतिबद्ध है।