ऑर्केस्ट्रा की आड़ में जिस्मफरोशी के खेल का पर्दाफाश! 10 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू, 2 संचालक गिरफ्तार

Prostitution racket operating under the guise of an orchestra busted! 10 minor girls rescued, 2 operators arrested.

सीवान। बिहार के सीवान जिले में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे देह व्यापार और मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जिले के आंदर और जीबी नगर थाना क्षेत्रों में पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और दिल्ली के 'रेस्क्यू फाउंडेशन' की संयुक्त टीम ने एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर 10 नाबालिग लड़कियों को नरक की जिंदगी से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा संचालन की आड़ में घिनौना धंधा करने वाले दो मुख्य आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऑर्केस्ट्रा में डांस कराने के नाम पर नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है और उनसे अवैध काम कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) पूरन कुमार झा के सख्त निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व एएचटीयू इंस्पेक्टर देवानंद कुमार, रेस्क्यू फाउंडेशन के संजय प्रसाद और सुजय दियासन ने किया। टीम ने दोनों थाना क्षेत्रों के चिन्हित ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर एक साथ योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी, जिससे संचालकों को भागने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने जब ठिकानों की तलाशी ली, तो वहां से 10 लड़कियों को बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में इन सभी लड़कियों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। रेस्क्यू के तुरंत बाद सभी पीड़ित लड़कियों को सख्त सुरक्षा के बीच मेडिकल जांच के लिए सीवान के सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इन सभी नाबालिगों को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। जब तक कोर्ट में उनका बयान दर्ज नहीं हो जाता, तब तक उन्हें सुरक्षित संरक्षण के लिए बालिका गृह (शेल्टर होम) भेज दिया गया है। सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय इनपुट के आधार पर इस अभियान को बेहद आक्रामक बनाया गया है। जिले में मानव तस्करी के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाइयां हो रही हैं। पिछले कुछ समय में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत अब तक 100 से अधिक लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा के इस दलदल से सकुशल मुक्त कराया जा चुका है। एसपी ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, "जो भी व्यक्ति ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण करेगा, उस पर बाल संरक्षण कानून और देह व्यापार निरोधक अधिनियम के तहत ऐसी कठोरतम कार्रवाई होगी जो मिसाल बनेगी। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद से सीवान और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से ऑर्केस्ट्रा चलाने वाले संचालकों में भारी हड़कंप मच गया है। कई संचालक अपने ठिकानों पर ताला बंद कर भूमिगत हो गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन लड़कियों को कहां से और किन एजेंटों के जरिए यहां लाया गया था। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के बड़े सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे।