राजनीति:देश के सबसे लंबे कद के धर्मेंद्र ने समाजवादी पार्टी ही क्यों की जॉइन? चुनावी सीजन में धर्मेंद्र बन गए मीडिया की सुर्खी
देश के सबसे लंबे कद के व्यक्ति धर्मेंद्र प्रताप सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि प्रतापगढ़ के धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने एसपी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए सपा की सदस्यता हासिल की है।
मेरठ निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह 46 साल के हैं। वह 8 फीट और 2 इंच लंबे हैं और उनका नाम गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज है और वह एशिया के सबसे लंबे पुरुषों में से एक है। दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति से धर्मेंद्र महज 11 सेमी ही छोटे है। प्रतापगढ़ जिले के नरहरपुर कसियाही गाव के निवासी के पास मास्टर डिग्री है, लेकिन वे अपने लिए नौकरी खोजने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

धर्मेंद्र को रोजगार पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और उनकी लंबाई के कारण उन्हें झुकने में भी समस्या होती है। उनके पास कोई नौकरी नहीं है और उनकी शादी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "जब मैं नौकरी मांगता हूं तो लोग मुझे गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्हें लगता है कि मैं अपनी लंबाई के साथ पैसा कमा सकता हूं। इसी कारण से मेरी शादी नहीं हो पाई है।"धर्मेंद्र ने कहा कि लंबाई के कारण कमर के ठीक नीचे कूल्हे में दर्द होता है और रोजाना के कार्यों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लखनऊ में एक डॉक्टर से सलाह ली थी, जिन्होंने ऑपरेशन का सुझाव दिया था। चूंकि उनके पास पैसे नहीं है और कोई रोजगार नहीं है, इसलिए धर्मेंद्र ने मदद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर रुख किया और बाद में 2019 में हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी करवाई।
उन्होंने मीडिया को ये भी बताया कि कहा कि वे बेरोजगार हैं और लंबे कद के वजह से उन्हें नौकरी नहीं मिली. उन्हें कहीं भी आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है. देश का सबसे लंबा इंसान होने के बावजूद उन्हें किसी भी सियासी दल से मदद नहीं मिली. सिर्फ समाजवादी पार्टी ने ही उनका हाल जाना और मदद की. उन्होंने अखिलेश यादव की तारीफों का पुल बांधते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में सपा प्रमुख ने ही उनका साथ दिया. जिस कारण वे समाजवादी पार्टी में हैं और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर विधान सभा चुनाव 10 फरवरी से शुरू हो रहा है. यूपी में सात चरणों के तहत 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा. 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे.