पीएम नरेंद्र मोदी अनस्क्रिप्टेड प्रेस कॉन्फ्रेंस से बचते हैं! ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार की ऑन-एयर टिप्पणी, मीडिया एक्सेस पर उठे सवाल, वीडियो वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार की टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। ऑस्ट्रेलियाई टीवी पत्रकार ब्लेक जॉनसन ने ऑन-एयर रिपोर्टिंग के दौरान कहा कि, "हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस इतनी ही करीब जा सकते हैं, क्योंकि वह बिना स्क्रिप्ट (Unscripted) वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस से बचते हैं और पहले से तय (Stage Managed) सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्राथमिकता देते हैं।" प्रधानमंत्री मोदी अपने हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ताओं, भारतीय समुदाय के कार्यक्रमों और विभिन्न आधिकारिक आयोजनों में शामिल हुए। इस यात्रा के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग को लेकर भी कई महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं।
इसी दौरे के दौरान ब्लेक जॉनसन की यह टिप्पणी सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। विभिन्न प्लेटफॉर्म पर इस वीडियो को व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। कुछ यूजर्स ने पत्रकार की टिप्पणी की आलोचना की, जबकि अन्य ने इसे पत्रकार की स्वतंत्र अभिव्यक्ति का हिस्सा बताया। सोशल मीडिया पर कुछ पोस्टों में यह दावा भी किया गया कि इस बयान के बाद पत्रकार के खिलाफ ऑनलाइन विरोध या बहिष्कार (Boycott) अभियान चल सकता है। हालांकि, इस तरह के किसी संगठित अभियान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।प्रधानमंत्री कार्यालय या भारत सरकार की ओर से इस टिप्पणी पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार की टिप्पणी और उस पर आ रही प्रतिक्रियाओं को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।