नीट पेपर लीक: आज मोदी सरकार और सीजेपी के बीच होगी वार्ता,प्रवक्ता सौरव दास बोले-धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा धरना

NEET Paper Leak: Talks between the Modi government and CJP to be held today; spokesperson Saurav Das says the protest will continue until Dharmendra Pradhan resigns.

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश और विरोध प्रदर्शनों के बीच आज का दिन बेहद निर्णायक साबित होने जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा 26 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद अब सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बीच सीधी बातचीत का रास्ता साफ हो गया है। आज दोपहर 12:30 बजे केंद्र सरकार के मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल सीजेपी के नेताओं से मुलाकात करेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए नई दिल्ली स्थित 'कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया' को चुना गया है, जिसे दोनों पक्षों की सहमति से एक न्यूट्रल वेन्यू (तटस्थ स्थान) माना गया है।

सूत्रों और सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सरकार की ओर से वार्ता का नेतृत्व करेंगे। सीजेपी प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने बताया कि सरकार एक तटस्थ स्थान पर मिलने के लिए सहमत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपनी पुरानी मांगों पर पूरी तरह कायम है, जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा, नीट पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजा, निर्दोष प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर रद्द करना और बर्बरता करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई शामिल है। 26 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने सरकार के सकारात्मक आश्वासन और संभावित हिंसा को टालने की अपील के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। हालांकि, सीजेपी ने साफ कर दिया है कि जंतर-मंतर पर उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते। वार्ता के बीच ही सीजेपी ने आज देशभर में पुलिस बर्बरता के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी ने सभी छात्र संघों और युवाओं से अपील की है कि वे हर जिले में एकत्र होकर छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ें और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं। इससे पहले बैठक के स्थान को लेकर थोड़ा गतिरोध देखा गया। सीजेपी  प्रवक्ता आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दावा किया था कि केंद्रीय मंत्रियों ने प्रदर्शन स्थल पर आने से इनकार कर दिया था और उन्हें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के निवास पर बुलाया जा रहा था। हालांकि, बाद में सहमति बनने के बाद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब को वार्ता का आधिकारिक केंद्र तय किया गया। अब सभी की नजरें दोपहर 12:30 बजे होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक पर टिकी हैं।