बिहार के वैशाली में दुस्साहस: मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या, ताबड़तोड़ दागीं 10 गोलियां,इलाके में गहराया तनाव
हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुवार की अहले सुबह हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक नामी ठेकेदार की नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय ठेकेदार रामनरेश राय की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सदर थाना क्षेत्र के दिघी नया टोला स्थित पोखर के पास हुई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में रामनरेश राय के शरीर में कई गोलियां लगीं। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। रामनरेश राय नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 26 के निवासी थे। रोज की तरह गुरुवार सुबह वह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पोखर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के सामने आने का दावा किया जा रहा है। फुटेज में रामनरेश राय को सड़क पर चलते और इसके बाद बाइक सवार बदमाशों को गोली चलाते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद रामनरेश ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन पर कई गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रामनरेश को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस जांच में करीब एक महीने पुराने जमीन विवाद का मामला भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, जमीन को लेकर एक व्यक्ति ने रामनरेश को कथित तौर पर हत्या की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस अभी किसी एक कारण को हत्या के पीछे जिम्मेदार नहीं मान रही है। पुरानी रंजिश और जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि रामनरेश राय को करीब चार-पांच गोलियां लगी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने कई खाली खोखे भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि रामनरेश राय पिछले नगर परिषद चुनाव के दौरान सभापति या उपसभापति पद के लिए तैयारी कर रहे थे। हालांकि दोनों पद आरक्षित होने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ सके। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र है। पत्नी बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में पटना में रहती हैं, जबकि रामनरेश अपने माता-पिता के साथ रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हत्या के बाद दिघी नया टोला और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी और हत्या की असली वजह का खुलासा अब पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।