नैनीताल पुलिस का डबल एक्शन: लालकुआं और रामनगर में चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा! लाखों के जेवर बरामद, तीन शातिर चोर गिरफ्तार! रूम हीटर के अंदर छिपा रखा था ₹35 लाख का सोना

Nainital Police double-take: Major thefts uncovered in Lalkuan and Ramnagar! Jewelry worth lakhs recovered, three cunning thieves arrested! Gold worth ₹35 lakh was hidden inside a room heater.

हल्द्वानी/रामनगर। नैनीताल पुलिस ने जिले में चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर बड़ा प्रहार करते हुए लालकुआं और रामनगर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा कर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित चित्रकूट तिवारी नगर निवासी चंद्रा देवी ने 19 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए हैं। जांच में पुलिस को पता चला कि इसी तरह की दो और चोरी की घटनाएं वर्ष 2025 में भी हो चुकी थीं, जिनमें लाखों रुपये की नकदी और जेवर चोरी हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी। 23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में शामिल एक युवक बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने पहुंचा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप निवासी बहेड़ी, बरेली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से टूटे हुए सोने के आभूषण मिले। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोली, तो उसमें बड़ी चालाकी से छिपाकर रखे गए कई कीमती सोने के जेवर बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी करता था। उसने तीनों चोरी की घटनाएं कबूल कर ली हैं। आरोपी के कब्जे से हार, नथ, मंगलसूत्र, मांगटीका, झुमके, अंगूठियां, चेन सहित करीब 20 तोला सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।

रामनगर में भी दो शातिर चोर दबोचे, लाखों के जेवर और बाइक बरामद
इधर रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शीतल कुंज, पीरूमदारा निवासी उर्मिला पत्नी संजय सिंह ने 15 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या-153/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित सैनी की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 55 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। 23 मई को पीलीकोठी नारायणपुर मालधन चौड़ स्थित तुमड़िया डैम के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवर अली पुत्र असगर अली निवासी कुंडा, ऊधम सिंह नगर और सद्दाम हुसैन पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी भोजपुर, मुरादाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल UK18-9833 बरामद हुई। मौके पर बुलाकर वादिनी ने बरामद गलोबंद, मंगलसूत्र, मांग टीका और चांदी के बिछुए की पहचान अपने चोरी गए सामान के रूप में की। बरामद माल की कीमत करीब 3.5 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है।