नैनीतालः होमस्टे-गेस्ट हाउसों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! तल्लीताल से मल्लीताल तक छापेमारी, नियमों की अनदेखी पर जल्द होगी कड़ी कार्रवाई

Nainital: Major action by the administration against homestays and guest houses! Raids from Tallital to Mallital; strict action will be taken against those violating rules.

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में संचालित हो रहे होमस्टे और गेस्ट हाउसों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। शहर के तल्लीताल, मॉलरोड और मल्लीताल बाजार समेत कई प्रमुख इलाकों में अचानक प्रशासनिक टीमों ने दबिश देकर होमस्टे और गेस्ट हाउसों की गहन जांच की। इस दौरान कई जगहों पर नियमों की अनदेखी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव की गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों में हड़कंप मच गया। छापेमारी अभियान का नेतृत्व कर रहे एसडीएम नवाजिश खलिक अपनी टीम के साथ सबसे पहले तल्लीताल क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने कई होमस्टे और गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जांच की। कई प्रतिष्ठानों में न तो पर्यटकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था मिली और न ही आवश्यक नियमों का पालन होता दिखाई दिया। कई जगह दस्तावेजी रिकॉर्ड भी अधूरे पाए गए, जिसके चलते संचालकों से सभी जरूरी रिकॉर्ड तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जुटाए गए रिकॉर्ड और दस्तावेजों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब है कि वर्ष 1995 के बाद नैनीताल में व्यावसायिक निर्माण पर रोक लागू है। इसके बावजूद शहर में लगातार नए होमस्टे और गेस्ट हाउस खुल रहे हैं, जिनमें से कई बिना अनुमति और मानकों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे हैं। यही वजह है कि प्रशासन अब ऐसे अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाकर पर्यटन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठा रहा है। एसडीएम नवाजिश खलिक ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं है, बल्कि नैनीताल में सुरक्षित, व्यवस्थित और भरोसेमंद पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि अवैध होमस्टे और गेस्ट हाउस न केवल शहर की छवि को नुकसान पहुंचाते हैंख् बल्कि पर्यटकों के अनुभव को भी प्रभावित करते हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों में सुरक्षा और सुविधाओं की अनदेखी भविष्य में किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।