नैनीताल:बेलवाखान-ज्योलिकोट क्षेत्र में गुलदार की दस्तक, CCTV में कैद हुई तस्वीरें, ग्रामीणों में दहशत
ज्योलिकोट क्षेत्र के बेलवाखान इलाके में सोमवार सुबह गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी हितेश चंद्रा के घर के आसपास गुलदार दिखाई देने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय गुलदार घर के पास घूमता नजर आया, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बता दें कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की गतिविधियां देखी जा चुकी हैं और बीते समय में ज्योलिकोट इलाके में गुलदार द्वारा हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ताजा घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हितेश चंद्रा ने समस्त ग्रामीणों से अपील की है कि सतर्क रहें ,सुबह और शाम के समय अकेले बाहर न निकलें,और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने को कहा है