Big Breaking: भाजपा ने किया प्रदेश प्रभारियों का एलान: उत्तराखंड की कमान अब राम माधव के पास, हटाए गए दुष्यंत गौतम! जानें स्मृति ईरानी को मिली कहां की जिम्मेदारी?
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को लेकर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को संभालने के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्तियों का एलान किया है। नई जिम्मेदारियों में कई वरिष्ठ और प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों की कमान सौंपी गई है। पार्टी के इस संगठनात्मक बदलाव में स्मृति ईरानी, राम माधव, विनोद तावड़े, तरुण चुघ, सतीश पूनिया और अनिल एंटनी जैसे नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी की ओर से जारी नई व्यवस्था के मुताबिक, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई सूची में अनिल एंटनी को गोवा और नगालैंड का प्रभारी बनाया गया है। भाजपा की ओर से राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति को संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है। राज्य प्रभारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय में भूमिका निभाते हैं। ऐसे में अलग-अलग राज्यों के लिए नए चेहरों को जिम्मेदारी दिए जाने से पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में बदलाव दिखाई दे सकता है।





