नैनीतालः सरकार को घेरने में जुटी कांग्रेस! 21 अक्टूबर को निकाली जायेगी जन आक्रोश रैली, कुमाऊं कमिश्नर कार्यालय का होगा घेराव

हल्द्वानी। 21 अक्टूबर को कांग्रेस द्वारा जन आक्रोश रैली निकाली जायेगी। इस दौरान कांग्रेसियों द्वारा कुमाऊं कमिश्नर कार्यालय का घेराव भी किया जायेगा। इस रैली में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक व कांग्रेसी नेता मौजूद रहेंगे। जानकारी देते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदेश ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस सभी जिलों में जन आक्रोश रैली के माध्यम से भाजपा सरकार कुछ जगाने की कोशिश कर रही है। इसी के तहत पिछले दिनों उधम सिंह नगर और नैनीताल जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव के बाद अब नैनीताल स्थित कुमाऊं कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष आर्य ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। महिला अपराध बढ़ते जा रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर है। लगातार पलायन हो रहा है और सरकार को जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। कहा कि सरकार अब प्रीपेड बिजली मीटर लगाकर लोगों के ऊपर बोझ डालने का काम कर रही है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कुमाऊं कमिश्नरी के घेराव के बाद अल्मोड़ा में विशाल जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। जहां जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।