प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट प्रकरणः विधायक उमेश शर्मा ने अफसोस जताते हुए मांगी माफी! अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट के मामले को लेकर जहां लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है, वहीं अब रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने घटना पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि ये घटना जाने-अनजाने में हुई है। वह घटना से संबंधित सभी पक्षों से माफी मांगते हैं। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने बयान जारी करते हुए कहा कि वो अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा जमीन दान देने वाले परिवार के साथ, विद्यालय का नामकरण संबंधित दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय गए थे। इस दौरान उनके साथ संबंधित परिवार के लोग भी थे, चूंकि यह प्रकरण काफी समय से लंबित था तो बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि वो जनप्रतिनिधि होने के नाते, विवाद शांत कराने का भरसक प्रयास करते रहे, इस बीच जाने अनजाने में यह घटना हो गई, जिस पर वो खेद व्यक्त करते हैं। विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि उन्हें जनहित के कार्यों में हमेशा अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग मिला है। उन्होंने भी हमेशा अधिकारी कर्मचारियों को उचित सम्मान दिया है। इसलिए शनिवार को हुई इस घटना पर उन्हें बेहद अफसोस है, जिसके लिए वो संबंधित पक्षों से माफी मांगते हैं।
इधर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राजकीय शिक्षक संघ और मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों में विरोध है। आज कर्मचारियों ने बैठक की और आंदोलन की रणनीति तय की। बैठक में तय किया गया कि शिक्षा निदेशक से मारपीट के विरोध में कल और परसों प्रदेश के सभी कार्यालय कर्मचारी और अधिकारी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। इसके साथ ही शिक्षा निदेशालय में धरना देंगे। उन्होंने भाजपा विधायक सहित मारपीट और तोड़फोड़ के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।