रूस-यूक्रेन जंग में लक्ष्मी मित्तल की स्टील फैक्ट्री पर मिसाइल हमला, दो की मौत,उत्पादन आंशिक रूप से ठप
मास्को। यूरोप के भीषण रणक्षेत्र से एक बड़ी और खौफनाक खबर सामने आ रही है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष अब तक के सबसे विनाशकारी हवाई हमलों के दौर में प्रवेश कर चुका है। रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह स्थित भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी 'आर्सेलरमित्तल' के माइनिंग एंड मेटलर्जिकल कॉम्प्लेक्स पर ताबड़तोड़ मिसाइलें बरसाई हैं। दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूस के इतिहास का सबसे बड़ा ड्रोन हमला करते हुए मॉस्को समेत कई क्षेत्रों पर 822 से अधिक ड्रोन दाग दिए, जिससे कई शहर दहल उठे हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध अब दोनों देशों के सैन्य ठिकानों से आगे बढ़कर औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह स्टील फैक्ट्री को रूसी ड्रोन और मिसाइलों ने निशाना बनाया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हुए हैं। मुख्य ऊर्जा और ब्लास्ट-फर्नेस ऑपरेशन प्रभावित होने के बाद प्लांट में उत्पादन आंशिक रूप से रोकना पड़ा। आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके एक औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया गया। यह संयंत्र यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील उत्पादन इकाइयों में शामिल है। ऊर्जा ढांचे और उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचने के कारण कंपनी को परिचालन सीमित करना पड़ा है। हमले से यूक्रेन के औद्योगिक और ऊर्जा ढांचे पर युद्ध के बढ़ते असर की तस्वीर भी सामने आई है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन ने रूस के खिलाफ बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, राजधानी के आसपास हुए हमलों में एक 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई। पोडोल्स्क में ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम में भी आग लग गई। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि राजधानी की ओर बढ़ रहे करीब 600 ड्रोन का पता लगाया गया, जिनमें से बड़ी संख्या को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। हमलों के बाद राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। रूस के रोस्तोव क्षेत्र में भी ड्रोन हमलों से भारी नुकसान की खबर है। स्थानीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के अनुसार, तीन शहरों को निशाना बनाकर 150 से अधिक ड्रोन से हमला किया गया। इसमें पांच लोगों की मौत हुई और कई घरों के साथ एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा। जंगल में भी आग लगने की सूचना है। यूक्रेन ने इस साल रूस के सैन्य उद्योगों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और लॉजिस्टिक ठिकानों को लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाने की रणनीति तेज की है। दूसरी ओर रूस भी यूक्रेन के शहरों और औद्योगिक ढांचे पर लगातार हमले कर रहा है। दोनों देशों के बीच जमीनी मोर्चे पर स्थिति अपेक्षाकृत धीमी रहने और शांति वार्ता में ठहराव के बीच हवाई हमलों की तीव्रता बढ़ी है। क्रिवी रिह पर हमले के अलावा यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो, सुमी में एक और डोनेट्स्क में एक व्यक्ति की मौत की खबर है। कीव में भी कई स्थानों पर आग लगी और छह लोग घायल हुए। शहर के प्रमुख बुक मार्केट के पास आग से कई कियोस्क जल गए। लगातार बढ़ते ड्रोन और मिसाइल हमलों ने युद्ध को दोनों देशों के भीतर और गहराई तक पहुंचा दिया है। औद्योगिक इकाइयों और नागरिक ठिकानों को हो रहा नुकसान यह संकेत दे रहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष में अब सैन्य मोर्चे के साथ आर्थिक और नागरिक ढांचे पर दबाव बढ़ाने की रणनीति भी तेज हो गई है।