मिस पुणे की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप: शादी के 5 महीने बाद फंदे से मिली लाश! फरार पति के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, कौन थीं मॉडल ट्विशा शर्मा

Miss Pune's suspicious death sparks uproar: Body found hanging five months after marriage! Lookout notice issued against absconding husband. Who was model Twisha Sharma?

भोपाल। भोपाल में मॉडल और पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शादी के महज पांच महीने बाद ससुराल में फंदे से लटकी मिली ट्विशा की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर परिवार इसे दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और हत्या की आशंका से जोड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच विशेष जांच दल के जरिए कर रही है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर परिजनों के प्रदर्शन और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग के बाद मामला अब प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह फरार, लुकआउट नोटिस जारी
ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में उनके पति और भोपाल जिला अदालत के वकील समर्थ सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से समर्थ फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उसके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की हैं। इससे पहले 18 मई को समर्थ की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी थी। अदालत में लंबी बहस के बाद जमानत से इनकार किया गया। इसी दिन पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया। साथ ही उसका पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कौन थीं ट्विशा शर्मा?
ट्विशा शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं। पढ़ाई-लिखाई में होनहार ट्विशा की रुचि शुरू से ही ग्लैमर और क्रिएटिव फील्ड में थी। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की थी और इसके बाद कॉर्पोरेट सेक्टर में अपना करियर बनाया। साल 2009 से 2012 के बीच उन्होंने मॉडलिंग इंडस्ट्री में कदम रखा और इसी दौरान ‘मिस पुणे’ का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद उन्हें विज्ञापनों और फिल्मों में काम करने के अवसर मिलने लगे। उन्होंने कुछ कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के अलावा तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘मुग्गुरू मोनागल्लू’ का नाम शामिल है। इसके अलावा वह साल 2018 में आई शॉर्ट फिल्म ‘जरा संभल के’ में भी नजर आई थीं।

कॉर्पोरेट दुनिया में भी बनाई पहचान
ग्लैमर इंडस्ट्री में सीमित सफलता मिलने के बाद ट्विशा ने कॉर्पोरेट सेक्टर का रुख किया। दिल्ली और मुंबई में उन्होंने कई प्रतिष्ठित कंपनियों में मार्केटिंग कम्युनिकेशन और डिजिटल एजुकेशन से जुड़े पदों पर काम किया। उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने मुंबई की एक निजी कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम किया और बाद में जर्मन एकेडमी ऑफ डिजिटल एजुकेशन में कम्युनिकेशन और ऑनबोर्डिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत रहीं। शादी के समय भी वह एक निजी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं। परिवार के अनुसार ट्विशा आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर थीं और अच्छी आय अर्जित करती थीं।

डेटिंग ऐप से हुई मुलाकात, फिर हुई शादी
पुलिस जांच और परिवार की जानकारी के अनुसार ट्विशा की मुलाकात साल 2024 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दोनों परिवारों की सहमति से दिसंबर 2025 में शादी हो गई। समर्थ सिंह भोपाल जिला अदालत में वकालत करता है, जबकि उसकी मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं। शादी के बाद ट्विशा भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में रहने लगीं।

शादी के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर?
ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार का दावा है कि दहेज और संपत्ति को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार ट्विशा ने अपनी मां और करीबी दोस्तों से कई बार मानसिक तनाव और प्रताड़ना की शिकायत की थी। कुछ व्हाट्सएप चैट्स भी सामने आई हैं, जिनमें उन्होंने खुद को “फंसा हुआ” बताया था।

मौत के बाद गहराया रहस्य
12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिलीं। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई। यही नहीं, परिवार ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर जांच दिल्ली ट्रांसफर करने और एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और उन्हें निष्पक्ष जांच चाहिए।

SIT की जांच पर टिकी सबकी नजरें
लगातार बढ़ते दबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंकाओं के बीच पुलिस ने मामले की जांच SIT को सौंप दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या सामने आता है और क्या ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है। फिलहाल भोपाल से लेकर नोएडा तक इस मामले को लेकर गुस्सा और आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।