मकर संक्रांति आज! धर्मनगरी हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर तरफ हर-हर गंगे की गूंज

हरिद्वार। मकर संक्रांति के मौके पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ा है। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए तमाम घाटों पर जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद पूजा दान कर पुण्य कमाया। बता दें कि मकर संक्रांति स्नान पर गंगा स्नान का धार्मिक लिहाज से काफी महत्व माना जाता है। क्योंकि मकर संक्रांति के पर्व के दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं। इसी के साथ ही सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण भी हो जाते हैं। इसलिए मकर संक्रांति के स्नान का खास माना जाता है। हरिद्वार में मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। आज देशभर से आए श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस बीच व्यवस्थाएं और सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं मकर संक्रांति के मौके पर जगह-जगह मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा है। लोग पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।