हिमाचल के कांगड़ा में बड़ा सड़क हादसाः चलती गाड़ी में अचानक बिगड़ी चालक की तबीयत! हाईवे पर पलटी बस, 24 यात्री घायल
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को उस समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार कम से कम 24 लोग घायल हो गए, जिनमें बस चालक भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार यह घटना नूरपुर उपमंडल के अंतर्गत उस समय हुई जब एक निजी बस चंबा से ऊना की ओर जा रही थी। रविवार करीब 11 बजे जैसे ही बस नूरपुर क्षेत्र में पहुंची, चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि चालक को सीने में तेज दर्द उठा, जिसके चलते वह बस पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों की मदद से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और घायलों को तत्काल नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें बस चालक भी शामिल है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए कांगड़ा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है, जबकि अन्य 20 घायलों का इलाज नूरपुर सिविल अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक की अचानक बिगड़ी तबीयत है। हालांकि प्रशासन अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रहा है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।