अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसाः गहरी खाई में गिरी कार! चार की मौत, एयर एंबुलेंस से हल्द्वानी भेजे गए घायल! गांव में पसरा मातम

Major road accident in Almora: Car plunges into deep gorge! Four dead; injured airlifted to Haldwani! Gloom descends on the village.

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। लमगड़ा थाना क्षेत्र के बलिया-बैगनिया मोटर मार्ग पर एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। जैसे ही वाहन चायखान-बलिया बैगनिया मोटर मार्ग पर पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य आसान नहीं था, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।

इस हादसे में मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष), जगदीश सिंह (35 वर्ष), लछम सिंह (56 वर्ष) और पान सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल गोपाल सिंह (45 वर्ष) और सचिन सिंह बिलवाल (18 वर्ष) बताए गए हैं। सभी लोग अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बलिया के निवासी हैं। लमगड़ा थाना प्रभारी प्रमोद पाठक ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे बलिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही गांव के चार लोगों की असमय मौत से हर घर में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।