NSDC का बड़ा एक्शन! Myfledge पर छात्रों को गुमराह करने का आरोप,सरकारी संस्था से जुड़ा होने का दावा था भ्रामक? NSDC ने नोटिस भेजकर मांगा सात दिन में जवाब
देश में स्किल डेवलपमेंट और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के नाम पर चल रहे संस्थानों पर अब सख्ती बढ़ती दिखाई दे रही है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन यानी National Skill Development Corporation (NSDC) ने एविएशन और हॉस्पिटैलिटी ट्रेनिंग देने वाले Fledge Institute of Aviation & Hospitality, जिसे Myfledge के नाम से भी संचालित किया जाता है, को कानूनी नोटिस जारी किया है।

NSDC की ओर से 16 अप्रैल 2026 को जारी किए गए cease-and-desist नोटिस में आरोप लगाया गया है कि संस्थान अपनी वेबसाइट्स — www.fledgeaviation.com और www.myfledge.org — पर NSDC, Skill India और Aerospace & Aviation Sector Skill Council के नाम और लोगो का कथित रूप से बिना अनुमति इस्तेमाल कर रहा था। नोटिस के अनुसार, इस तरह की ब्रांडिंग से छात्रों और आम लोगों के बीच यह भ्रम पैदा हो सकता है कि संस्थान को NSDC या Skill India की आधिकारिक मान्यता या संबद्धता प्राप्त है।
नोटिस में कहा गया है कि NSDC के रिकॉर्ड के अनुसार Fledge Institute of Aviation & Hospitality का NSDC के साथ किसी भी योजना, साझेदारी या व्यवस्था के तहत कोई संबंध नहीं है। साथ ही संस्थान को NSDC, Skill India या Aerospace & Aviation Sector Skill Council के नाम और लोगो के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी गई थी।
कानूनी नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि सरकारी संस्थाओं के नाम और प्रतीकों का इस तरह इस्तेमाल “misrepresentation” और “passing off” की श्रेणी में आ सकता है, जिससे छात्रों और अभिभावकों के बीच संस्थान की विश्वसनीयता और संबद्धता को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती है।
NSDC ने संस्थान को तत्काल प्रभाव से कई निर्देश दिए हैं। इनमें NSDC, Skill India और संबंधित सेक्टर स्किल काउंसिल के नाम और लोगो का इस्तेमाल बंद करना, वेबसाइट और प्रचार सामग्री से सभी संदर्भ हटाना, कथित संबद्धता दिखाकर किए गए लेन-देन का विवरण देना, उससे हुए संभावित आर्थिक लाभ की जानकारी साझा करना और सात दिनों के भीतर लिखित आश्वासन देना शामिल है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं होने की स्थिति में भारतीय कानूनों के तहत धोखाधड़ी, गलत प्रस्तुतीकरण और अनुचित प्रतिस्पर्धा से जुड़े प्रावधानों के अंतर्गत आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
बता दे कि इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से भी लगाया जा सकता है कि इससे पहले अभिनेता आयुष शाह भी कथित तौर पर MyFledge से जुड़े निवेश मामले में ठगी का शिकार हो चुके हैं। इस खुलासे के बाद यह मामला सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हाई-प्रोफाइल स्तर तक पहुंच गया है, जिससे पूरे नेटवर्क और इसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डिस्क्लेमर:खबर लिखे जाने तक Myfledge या Fledge Institute of Aviation & Hospitality की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।