Oct 14, 2026 Login
Awaaz24x7-government

कर्नाटक में बड़ा हादसाः 8 लोगों की नदी में डूबकर मौत! 2 अब भी लापता, गांव में पसरा मातम

Major accident in Karnataka: 8 people drowned in a river, 2 still missing, village in mourning

नई दिल्ली। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, यहां नदी में सीप (मसल्स) इकट्ठा करने गए एक ही गांव के 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में 7 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 2 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहा है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा उत्तर कन्नड़ जिले के शिराली गांव के पास हुआ। गांव के कुछ लोग रोजमर्रा की तरह नदी में सीप इकट्ठा करने गए थे। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग नदी में उतरकर धीरे-धीरे गहरे हिस्से की ओर बढ़ते चले गए। शुरुआत में पानी सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और बहाव खतरनाक हो गया। इससे पहले कि लोग संभल पाते, उनमें से कुछ लोग तेज धारा में बहने लगे। 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब एक-दो लोग पानी में बहते दिखे तो बाकी लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि बचाने गए लोग भी उसमें फंस गए। देखते ही देखते एक के बाद एक कई लोग डूबने लगे। चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा.तफरी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और राहत दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद अब तक 8 शव नदी से बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि 2 लोगों की तलाश अब भी जारी है। मृतकों की पहचान उमेश मंजुनाथ नाईक, लक्ष्मी महादेव नाईक, लक्ष्मी जट्टप्पा नाईक, लक्ष्मी अप्पण्णा नाईक, लक्ष्मी शिवराम नाईक, ज्योति मस्तम्मा नाईक, मालती नाईक, मस्तम्मा नाईक के रूप में हुई है।