अल्मोड़ा में बड़ा हादसाः खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली! दो लोगों की मौत, इलाके में पसरा मातम
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के बागेश्वर रोड पर सुंदरपुर के पास ग्राम गधोली क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिर गई। हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूके 02 सीए 0073 कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर सुंदरपुर के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना डीसीआर अल्मोड़ा के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ के जवान खाई में उतरकर वाहन तक पहुंचे और दोनों लोगों की तलाश की। जांच में दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय चत्ते राजी पुत्र गंगा राम निवासी कैलाली, नेपाल और 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद एसडीआरएफ ने दोनों शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।