बड़ा हादसाः नेशनल हाईवे पर बस और कार की जबरदस्त टक्कर! पटवारी समेत 5 लोगों की मौत, मंजर देख सहमे लोग
भिंड। मध्य प्रदेश से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पटवारी समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी, जबकि ईको कार ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास दोनों में तेज टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस फिलहाल मृतकों एवं घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है। एक मृतक की पहचान भिंड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में हुई है जो कि वर्तमान में पटवारी थे और भूतपूर्व सैनिक भी थे। एक व्यक्ति की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में हुई है। जबकि अन्य की पहचान करने की कोशिश अभी जारी है। वहीं पुलिस के अनुसार ईको कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक से बात की गई तो उसने बताया कि उसके द्वारा कार को बेच दिया गया था। और जिस व्यक्ति को कार बेची गई उदक मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे 719 पर सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं जिनमें लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कुछ दिन पहले भी गोहद थाना क्षेत्र में ही इसी हाईवे पर दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई थी। लेकिन प्रशासन अब तक ठोस कदम नहीं उठा पाया है। लोगों की मांग है कि नेशनल हाईवे पर तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं। और इसको फ़ॉर लेन किया जाए अथवा नया हाईवे बनाया जाए।