मसूरी में आईटीबीपी जवान ने की आत्महत्या, पिथौरागढ़ यूनिट से दो महीने पहले ही हुआ था तबादला
मसूरी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आईटीबीपी की 14वीं बटालियन पिथौरागढ़ में तैनात कांस्टेबल चेतराम मीणा (38) पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान), ने अपने कमरे में आत्मघाती कदम उठाया। वह करीब दो महीने पहले ही पिथौरागढ़ यूनिट से मसूरी ड्यूटी पर आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नियमानुसार पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में किसी सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी जवान द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया था। उस समय उन्हें बचा लिया गया था और उपचार भी कराया गया था। जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस दुखद घटना के बाद बल में मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।