IPL 2025: रिक्शा चालक के बेटे ने पहले ही मैच में मचाया तहलका! CSK की जीत से ज्यादा विग्नेश पुथुर की चर्चा, धोनी भी हुए मुरीद, भावुक करती है विग्नेश की कहानी

IPL 2025: Rickshaw driver's son created a stir in the very first match! Vignesh Puthur is more talked about than CSK's victory, Dhoni also became a fan, Vignesh's story makes one emotional

नई दिल्ली। रविवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच रोचक मुकाबला हुआ। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से पराजित किया। इस मुकाबले के बाद जितनी चर्चा चेन्नई की जीत की नहीं हो रही है, उससे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस के गेंदबाज स्पिनर विग्नेश पुथुर की हो रही है। बता दें कि विग्नेश ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल मैच में डेब्यू करते हुए तहलका मचा दिया। मुंबई इंडियंस के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने अपने आईपीएल डेब्यू पर सभी को इम्प्रेस किया। विग्नेश पुथुर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा के विकेट चटकाए। बाएं हाथ के इस कलाई के स्पिनर को मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा। विग्नेश पुथुर ने इस मैच में 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

24 साल के विग्नेश पुथुर केरल के मलप्पुरम के रहने वाले हैं। विग्नेश पुथुर के पिता सुनील कुमार एक ऑटो ड्राइवर हैं और उनकी मां केपी बिंदु एक गृहिणी हैं। विग्नेश पुथुर को मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। आर्थिक तंगी के बावजूद विग्नेश पुथुर के माता-पिता ने उन्हें एक कामयाब क्रिकेटर बनाने का बेड़ा उठाया। इस युवा खिलाड़ी ने अबतक केरल के लिए सीनियर स्तर पर नहीं खेला है, लेकिन वह अंडर-14 और अंडर-19 स्तर पर खेल चुके हैं। वह वर्तमान में केरल क्रिकेट लीग में एलेप्पी रिपल्स के लिए खेलते हैं। 

विग्नेश पुथुर तमिलनाडु प्रीमियर लीग में भी खेल चुके हैं। विग्नेश पुथुर पहले मीडियम पेस गेंदबाजी करते थे, लेकिन एक स्थानीय क्रिकेटर मोहम्मद शेरिफ ने उन्हें लेग स्पिन करने के लिए कहा। इससे उनके करियर की दिशा बदल गई और वे त्रिशूर चले गए और सेंट थॉमस कॉलेज के लिए केरल कॉलेज प्रीमियर टी-20 लीग में एक बड़े स्टार बन गए। इस साल की शुरुआत में उन्हें दक्षिण अफ्रीका में एसए20 के लिए भेजा गया था, जहां वे एमआई केप टाउन के लिए नेट बॉलर थे।