नालंदा में औद्योगिक क्रांति: नीतीश कुमार ने किया शांतामनी पेपर मिल की विस्तार परियोजना का उद्घाटन
नालंदा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने गृह जिले नालंदा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नूरसराय प्रखंड के डोईया स्थित 'शांतामनी पेपर मिल' की नई विस्तार परियोजना का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति, वरिष्ठ राजनेता और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मिल प्रबंधन और स्थानीय सांसद कौशलेंद्र कुमार ने मिल संचालक अनिल कुमार को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि पहले यह फैक्ट्री बेहद सीमित स्तर पर चल रही थी, लेकिन अब इसका बड़े पैमाने पर आधुनिकीकरण और विस्तार किया गया है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, मिल में जो उत्पादन पहले सिंगल वायर मशीन से शुरू हुआ था, वह अब पूरी तरह से आधुनिक 'डबल वायर तकनीक' से लैस हो चुका है। इस नई तकनीक के आने से कागज की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर की हो गई है। अब मिल में 70 से लेकर 200 GSM तक के उच्च बर्स्ट फैक्टर वाले 'ब्राउन क्राफ्ट पेपर' का उत्पादन बड़े पैमाने पर शुरू कर दिया गया है, जिससे मिल की उत्पादन क्षमता सीधे दोगुनी हो गई है। इस मौके पर मौजूद उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की नीतियों और उनके गृह जिले के प्रति विशेष लगाव के कारण ही आज नालंदा के प्रति देश-प्रदेश के उद्योग जगत का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उद्घाटन समारोह में शामिल हुए कई बड़े उद्योगपतियों ने नालंदा के शांत और प्रगतिशील माहौल को देखते हुए आने वाले समय में यहां नए उद्योग और फैक्ट्रियां लगाने का बड़ा आश्वासन दिया है। सांसदों और नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि भले ही नीतीश कुमार वर्तमान में मुख्यमंत्री पद पर नहीं हैं, लेकिन नालंदा और पूरे बिहार के औद्योगिक व सामाजिक विकास को लेकर उनकी चिंता और सक्रियता आज भी पहले जैसी ही है। कार्यक्रम के दौरान जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने विपक्ष द्वारा विकास के दावों पर किए जा रहे हमलों का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने बिहार को जिस पिछड़ेपन से निकालकर विकास की मुख्यधारा में खड़ा किया है, उसकी गवाह सूबे की पूरी जनता है। देश के लोकतांत्रिक इतिहास में यह बेहद दुर्लभ है कि कोई नेता लगातार चौथी बार इतने भारी बहुमत से जीत हासिल कर सत्ता में आए।" उन्होंने साफ किया कि विपक्ष का काम सिर्फ अनर्गल बयानबाजी करना है, जबकि नीतीश कुमार का पूरा ध्यान आज भी सिर्फ और सिर्फ विकास कार्यों पर केंद्रित है। इस खास औद्योगिक समारोह के दौरान एक और दिलचस्प वाकया देखने को मिला, जब सांसद कौशलेंद्र कुमार ने निशांत कुमार को भविष्य का ऊर्जावान नेता बताते हुए उन्हें अपनी विशेष शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की इस गरिमामयी उपस्थिति से पूरे क्षेत्र के युवाओं और उद्यमियों में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। वही विशेषज्ञों का मानना है कि शांतामनी पेपर मिल का यह विस्तार केवल एक फैक्ट्री का बड़ा होना भर नहीं है, बल्कि यह नालंदा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस सफल आयोजन से साफ है कि आने वाले दिनों में नालंदा बिहार के औद्योगिक नक्शे पर एक मजबूत केंद्र बनकर उभरने वाला है।