डलास में भारतीय मूल के युवक की बेरहमी से हत्या! वॉशिंग मशीन को लेकर हुआ विवाद

डलास (अमेरिका): अमेरिका के डलास से भारतीय समुदाय को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 41 वर्षीय भारतीय मूल के युवक चंद्रमौली नागमल्लैया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी योरडानिस कोबोस-मार्टिनेज है, जिसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर कैपिटल मर्डर (राजधानी हत्या) का आरोप लगाया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि कोबोस अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी संदिग्ध है। सूत्रों के अनुसार, चंद्रमौली ने मोटल परिसर में रखी एक खराब वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करने से इनकार किया था। इसी बात पर उसका आरोपी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने चंद्रमौली पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच अधिकारियों का कहना है कि हत्या की यह वारदात न केवल नृशंस है बल्कि इसने भारतीय मूल के लोगों में गहरी चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय समुदाय ने घटना पर आक्रोश जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय प्रवासी समुदाय के नेताओं ने कहा कि “सिर्फ वॉशिंग मशीन को लेकर इतना बड़ा अपराध होना चौंकाने वाला है। यह दर्शाता है कि अमेरिका में प्रवासी कितने असुरक्षित हो सकते हैं।” उन्होंने भारतीय वाणिज्य दूतावास से भी मामले में हस्तक्षेप और पीड़ित परिवार को सहायता मुहैया कराने की अपील की है। पीड़ित चंद्रमौली के परिवार और मित्रों को खबर लगते ही सदमे का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि वे हमेशा शांत स्वभाव के और मदद करने वाले इंसान थे। किसी को उम्मीद नहीं थी कि इतनी छोटी सी बात पर उनकी जान ले ली जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, भारतीय समुदाय यह उम्मीद जता रहा है कि अदालत आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा सुनाएगी।