रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडियाकी गांव में स्थित एक स्टील फैक्ट्री में बुधवार की आधी रात के समय धमाका होने के कारण 17 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को सूचना दिए बगैर श्रमिकों को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। मुजफ्फरनगर पुलिस के सूचना देने पर स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मुंडियाकी गांव में गायत्री स्टील्स नाम से एक फैक्ट्री संचालित हो रही है, जिसमें सरिया आदि बनाने का कार्य किया जाता है। बताया गया है कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे फैक्ट्री में एक तेज धमाका हुआ। इसके बाद फैक्ट्री कर्मियों में अफरातफरी मच गई। वहीं धमाके के दौरान आसपास काम कर रहे कई करीब 17 कर्मचारी घायल हो गए कर्मचारियों द्वारा मामले की जानकारी फैक्ट्री के उच्च अधिकारियों को दी गई। फैक्ट्री प्रबंधन ने अपनी ओर से पुलिस या स्थानीय प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी और घायल कर्मचारियों को भी आसपास के किसी अस्पताल में न ले जाकर सभी कर्मचारियों को मुजफ्फरनगरस्थित अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया। जब इतनी बड़ी संख्या में घायल अस्पताल में पहुंचे तो मामले की जानकारी मुज्जफनगर पुलिस तक पहुंची। इसके बाद मुज्जफरनगर पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा सूचना मंगलौर पुलिस को दी गई। जानकारी के बाद सीओ मंगलौर बहादुर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ और फायर ब्रिगेड की टीम ने सुबह फैक्ट्री पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।  हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने कहा कि हमें सूचना मिली कि मंगलौर थाना क्षेत्र में 'गायत्री स्टील सर्विसेज' नाम की फैक्ट्री में बॉयलर फटने से करीब 17 लोग घायल हो गए हैं। हमने फैक्ट्री के सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए हैं और कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई अनियमितता पाई जाती है तो एक्शन लिया जाएगा।