भीषण हादसाः श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी आग! जिंदा जले आठ लोग, हर तरफ पसरा मातम

Horrific accident: Fire broke out in a bus full of devotees! Eight people burnt alive, mourning spread everywhere

नई दिल्ली। हरियाणा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गयी, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक तावड़ू उपमंडल की सीमा से गुजर रहे कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर देर रात श्रद्धालुओं से भरी बस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। बस में सवार आठ लोग जिंदा जल गए जबकि दो दर्जन से अधिक बुरी तरह झुलस गए। चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। हादसे के शिकार लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु सरोज पुंज व पूनम ने बताया कि बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थेजिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।