हिमांशु हत्याकांड की आग: आदित्यपुर-जमशेदपुर बंद कराने उतरे बीजेपी-एनडीए कार्यकर्ता, मेयर समेत 40 से अधिक लोग हुए डिटेन
आदित्यपुर। हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं समर्थित हिंदूवादी संगठनों द्वारा शुक्रवार (3 जुलाई) को बुलाए गए 'आदित्यपुर बंद' का मिलाजुला और व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और फांसी की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान आदित्यपुर और जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास सड़क जाम कर रहे आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व मेयर संजय सरदार और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास समेत 40 से अधिक दिग्गज नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सुबह से ही भाजपा और एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बंद को सफल बनाने के लिए जैसे ही कार्यकर्ता आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप पहुंचे और यातायात बाधित करने का प्रयास किया, वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई की। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने पूर्व मेयर संजय सरदार, विहिप अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास व अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच थाने ले आई। जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बंद का व्यापक और गहरा असर देखने को मिला। एनडीए के घटक दल जदयू और आजसू के कार्यकर्ता भी इस बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे। जमशेदपुर से जदयू विधायक सरयू राय खुद अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर बंद कराने निकले। बंद के चलते सड़कों पर परिवहन के साधनों की भारी कमी देखी गई, जिससे आम जनता और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर के कई प्रमुख निजी स्कूलों ने एहतियातन आज छुट्टी की घोषणा कर दी थी। हालांकि, स्थानीय बाजार के कई दुकानदारों ने हिमांशु हत्याकांड के विरोध में स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर इस आंदोलन को अपना नैतिक समर्थन दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं और पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस की सक्रियता के कारण आदित्यपुर खरकई पुल से लेकर गम्हरिया जाने वाले व्यस्त टाटा-कांदरा मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुगम और सामान्य बना रहा। जमशेदपुर के डीएसपी भी खुद क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते दिखे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस बल पूरे इलाके में लगातार गश्त कर रहा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।