दरभंगा एयरपोर्ट पर 'हाई-वोल्टेज' ड्रामा: दो विमानों में खराबी से पार्किंग फुल, 20 मिनट हवा में मंडराई इंडिगो की फ्लाइट, पटना में इमरजेंसी लैंडिंग

'High-voltage' drama at Darbhanga Airport: Parking full due to technical snags in two aircraft; IndiGo flight circled in the air for 20 minutes, made emergency landing in Patna.

पटना। दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार का दिन यात्रियों और विमानन कंपनियों के लिए बेहद तनावपूर्ण और अफरा-तफरी भरा रहा। महज कुछ घंटों के भीतर दो विमानों में आई तकनीकी खराबी के कारण पूरा उड़ान संचालन चरमरा गया। एक तरफ जहां लैंडिंग के दौरान एक विमान का टायर फट गया, वहीं दूसरी तरफ एक अन्य विमान में आई तकनीकी खराबी के कारण एयरपोर्ट पर रनवे और पार्किंग स्पेस पूरी तरह ब्लॉक हो गया। इस संकट के कारण दिल्ली से दरभंगा आ रहे इंडिगो के विमान को 20 मिनट तक आसमान में चक्कर काटने पड़े और ईंधन व सुरक्षा चिंताओं के चलते आखिरकार उसे पटना एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह हुई, जब मुंबई से 150 यात्रियों को लेकर दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट (SG-115) रनवे पर उतरी। लैंडिंग के वक्त अचानक विमान का एक टायर फट गया। हालांकि, पायलट ने गनीमत रही कि सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित रनवे से एप्रन की तरफ ले गए। इस घटना में सभी 150 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे, लेकिन विमान के खड़े हो जाने से एयरपोर्ट पर पार्किंग का संकट खड़ा हो गया। टायर फटने के कारण इस विमान की मरम्मत के लिए नया टायर दिल्ली से मंगवाना पड़ा, जिसमें घंटों का समय लग गया। अभी स्पाइसजेट के विमान का काम चल ही रहा था कि मुंबई से दरभंगा पहुंची अकासा एयर की फ्लाइट में भी लैंडिंग के बाद गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। एयरलाइन के इंजीनियरों ने विमान को ठीक करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा मानकों को देखते हुए विमान को उड़ान भरने के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया। पार्किंग में पहले से ही स्पाइसजेट का विमान खड़ा था और अब अकासा एयर का विमान भी ग्राउंडेड हो गया। इसके चलते दरभंगा से मुंबई जाने वाली अकासा एयर की उड़ान को रद्द करना पड़ा। कंपनी ने प्रभावित यात्रियों के लिए होटलों में ठहरने और मंगलवार को दूसरे विमान से मुंबई भेजने की व्यवस्था की है। दो विमानों के ग्राउंडेड होने से दरभंगा एयरपोर्ट पर नए विमानों के लिए पार्किंग स्पेस खत्म हो चुका था। इसी दौरान दिल्ली से दरभंगा आ रही इंडिगो की फ्लाइट दोपहर करीब 2:42 बजे दरभंगा के आसमान के ऊपर पहुंची। एटीसी से हरी झंडी न मिलने के कारण पायलट को विमान को करीब 20 मिनट तक हवा में ही होल्ड रखना पड़ा। नीचे उतरने की जगह न मिलने से विमान में सवार यात्रियों की सांसें अटक गईं। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विमान को तुरंत पटना एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पटना एयरपोर्ट पर करीब 30 मिनट रुकने और स्थिति सामान्य होने के बाद यह विमान शाम 4:00 बजे दोबारा दरभंगा के लिए रवाना हुआ और 4:34 बजे सुरक्षित लैंड कर सका। इंडिगो की फ्लाइट के पटना डायवर्ट होने की खबर जैसे ही दरभंगा एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिली, वहां हंगामा और चिंता की स्थिति बन गई। यात्रियों ने एयरपोर्ट अधिकारियों से जल्द से जल्द विमान उपलब्ध कराने की मांग की। शाम को जब विमान दरभंगा पहुंचा, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली और यह फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। सोमवार को इस पार्किंग संकट के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से चलने वाली कई अन्य उड़ानें भी बुरी तरह प्रभावित हुईं; कुछ उड़ानें देरी से चलीं तो कुछ को समय से पहले लैंड कराना पड़ा।