दून अस्पताल में हाईवोल्टेज हंगामा: महिला तीमारदारों का सुरक्षा कर्मियों पर हमला, वॉकी-टॉकी सिर पर दे मारी, VIDEO वायरल

High-voltage commotion at Doon Hospital: Female attendants attack security personnel, strike one on the head with a walkie-talkie; video goes viral.

देहरादून। देहरादून स्थित उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल दून अस्पताल रविवार सुबह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। गायनी इमरजेंसी में भर्ती एक नाबालिग मरीज के इलाज के दौरान वार्ड में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मरीज के साथ आई महिलाओं ने पहले एक सुरक्षा गार्ड को लात मारी और फिर उसकी वॉकी-टॉकी छीनकर उसी के सिर पर दे मारी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला सुरक्षा गार्ड पर भी पानी की बोतल से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई। वहीं एक वार्ड आया के पेट में भी लात मारने का आरोप लगाया गया है। इस पूरे हंगामे में एक महिला सुरक्षा कर्मी, एक वार्ड आया और दो सुरक्षा गार्ड घायल हुए हैं। अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों व उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई। दूसरी ओर, मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही, जरूरत से ज्यादा खून के सैंपल लेने और स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की शिकायत देहरादून पुलिस को सौंप दी है। उधर, अस्पताल के भीतर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।