Awaaz24x7-government

 बरसात से प्रभावित परिवारों और किसानों को हरियाणा सरकार का संबल! कृषि मंत्री ने बांटा सहायता चैक

Haryana government's support to rain-affected families and farmers! Agriculture Minister distributed aid cheques

चंडीगढ़। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अपने यमुनानगर दौरे के दौरान गांव बैंडी निवासी मान सिंह की भारी बरसात के कारण मकान की छत गिरने से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी उषा रानी को सरकार की ओर से 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चैक प्रदान किया और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे लगातार अपने क्षेत्र के गांवों का दौरा कर रहे हैं ताकि लोगों से मिलकर उनके हालात का जायजा लिया जा सके और जलभराव व वर्षा से हुए नुकसान की समीक्षा की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने उन किसानों के लिए भी राहत की घोषणा की है जिनकी फसलें बरसाती पानी के कारण खराब हो गई हैं। उन किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और प्रदेश सरकार किसानों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

 उन्होंने कहा कि अधिक बरसात होने के कारण जिला के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जिसकी वजह से फसलों एवं मकानों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे सभी किसान अपने नुकसान की भरपाई के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी फसल खराबे की रजिस्ट्रेशन 15 सितम्बर 2025 तक करवा सकते हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि जिन भी किसानों की फसलों का नुकसान हुआ हैं वे जल्द से जल्द क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाएं ताकि फसल में हुए नुकसान की समीक्षा कर उसके फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति की जा सके ताकि अधिकारियों द्वारा मौके पर सत्यापन कर समय पर मुआवजा सुनिश्चित किया जा सके। कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है और किसान हित में आगे भी कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी के कारण जिला के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सभी विधायकों एवं मंत्रियों को निर्देश दिए है कि वे जलभराव वाले स्थानों पर जाए और लोगों से सम्पर्क करें। कृषि मंत्री ने बताया कि इससे पहले भी वे रादौर उपमंडल के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से रूबरू हुए और बरसात की वजह से जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए है। उन्होंने स्वयं इन गरीब परिवारों के क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया और पीड़ितों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द उनको सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में मानव की सेवा सबसे बड़ी सेवा है और हम सभी का दायित्व बनता है कि ऐसे में बरसाती पानी से पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया कि संकट की घड़ी में जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई है।