गुलाबी शरारा कमबैकः यूट्यूब पर फिर वापस आया देश-दुनिया में धूम मचाने वाला कुमाऊंनी गीत! गायक ने प्रशंसकों का जताया आभार, बोले- हम सब लोग उत्तराखण्डी...
रुद्रपुर। हाल ही में यूट्यूब से अचानक गायब हुआ फेमस कुमाऊंनी गीत ‘गुलाबी शरारा’ से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। खुद गायक इंदर आर्या ने सोशल मीडिया पर आकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ‘गुलाबी शरारा’ गीत फिर से यूट्यूब पर वापस आ गया है। उन्होंने लोगों को अपार समर्थन के लिए धन्यवाद कहा। गौरतलब है कि पिछले दिनों गुलाबी सरारा गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया था, जिसके बाद एक घमासान मचा हुआ था। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह की खबरें सामने आई थीं। इस दौरान कथित स्ट्राइक डालने वालों के साथ ही यूट्यूब पर भी सवाल उठाए गए थे। बता दें कि इंदर आर्या द्वारा गाया गया ‘गुलाबी शरारा’ गीत ने देश ही विदेशों में भी खासी धूम मचाई थी। हर कोई इस गाने पर थिरकता दिखता है। करीब 140 मिलियन यानी 14 करोड़ व्यूज वाले इस गाने के यूट्यूब से हटने के बाद ही घमासान मचा हुआ था और लोग खासे नाराज दिख रहे थे। लोगों ने इसके समर्थन में सोशल मीडिया पर एक मुहिम भी छेड़ी थी। अब इंदर आर्या ने खुद इसकी जानकारी साझा की और बताया कि गुलाबी सरारा गीत यूट्यूब पर वापस आ गया है।