अलविदा: 92 साल की उम्र में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन! 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित, राहुल बोले- मैंने गुरु खो दिया

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्र सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सरकार ने शुक्रवार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर तमाम हस्तियों ने शोक जताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी, अमित शाह, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम लोगों ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक, डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।